रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रबाजार इलाके में मंगलवार की शाम एक सनसनीखेज गोलीकांड की घटना सामने आई। काली माता मंदिर के समीप कार सवार हमलावरों ने एक युवक पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय मुहम्मद कैशान पुत्र मुहम्मद दाउद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से मिश्र बाजार इलाके में गया हुआ था। अपनी दुकान से घर लौटते समय ही हमलावरों ने उसे निशाना बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने वीडियो बाइट के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
साथ ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों का संकलन कर निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच तथा नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य खंगाल रही है।