रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। मोहाव गांव में जुए के दौरान हुई हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्तौल, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल/गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय बिंद पुत्र फिरंगी बिंद, निवासी ग्राम बकराबाद, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मोहाव गांव में जुए के दौरान हुई हत्या के संबंध में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 817/2026 धारा 109(1) BNS, 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज था। दिनांक 10.11.2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह मय टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण के बाद गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कराने की बात कही। बरामदगी के दौरान आरोपी ने उसी पिस्तौल से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सदर हॉस्पिटल उपचार हेतु भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान पुलिस ने 01 अदद पिस्टल .32 बोर, 01 अदद खोखा कारतूस .32 बोर, 01 अदद जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद किया है। हत्या का आरोपी संजय बिन्द के खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से ही 4 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं। वही मुठभेड़ टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह मय टीम, निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा मय टीम शामिल रहे।