रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक मिश्रबाजार में मंगलवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। बाइक से घर लौट रहे जूता-चप्पल कारोबारी को हमलावर ने नजदीक से गोली मार दी। दो गोलियां लगने से कारोबारी सड़क पर ही गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रौजा निवासी मोहम्मद कौसेन (28) के रूप में हुई है। वह मिश्रबाजार क्षेत्र में जूते-चप्पल का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि कौसेन काली माता मंदिर के पास समोसा खाकर अपनी बाइक से आगे बढ़े ही थे कि स्टेट बैंक के सामने पहले से घात लगाए हमलावर ने उन पर फायर झोंक दिया। एक गोली गर्दन के बाईं तरफ और दूसरी पेट में लगी। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
फायरिंग के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाकर एंबुलेंस बुलाया और घायल कौसेन को गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। इधर, मृतक के पिता मोहम्मद दाऊद ने शुभम चौबे नाम के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि शुभम ने दीपावली के दिन भी एक व्यक्ति के साथ मारपीट की थी।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में कारोबारी की गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। परिजनों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।