रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज एवं छठ महापर्व के दृष्टिगत कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने गुरुवार की देर शाम जनपद का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।
डीआईजी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और लूट की दृष्टि से अति संवेदनशील माने जाने वाले सर्राफा मार्केट में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान उन्होंने बाजारों में पुलिस की सक्रियता, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने सर्राफा व्यवसायियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने व्यापारियों से उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं और सुझाव सुने। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को हर हाल में क्रियाशील रखने, दुकानों में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
गश्त के बाद थाना कोतवाली परिसर में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सर्राफा व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, सीसीटीवी की उपलब्धता, बाजारों में पुलिस की नियमित उपस्थिति और पुलिस-व्यापारी समन्वय को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान शुक्रवार को धनतेरस पर्व को देखते हुए जनपद की यातायात प्रबंधन योजना की भी समीक्षा की गई। प्रमुख बाजारों में लगने वाले जाम से निपटने के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों के चिन्हांकन और जरूरत पड़ने पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू करने की व्यवहार्यता पर विचार किया गया, ताकि त्योहार के दौरान आम जनता और व्यापारियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
साथ ही डीआईजी ने विगत 10 वर्षों में धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के दौरान घटित लूट और डकैती की घटनाओं की विस्तृत समीक्षा भी की। इन घटनाओं में शामिल अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति — कौन जेल में है और कौन बाहर सक्रिय है — का विवरण तलब कर सक्रिय अपराधियों और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंत में डीआईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों तक सर्राफा बाजारों में नियमित पैदल गश्त, प्रभावी चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए।