रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव
<span;>गाजीपुर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडरशिप-2027 के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन मंगलवार को पीजी कॉलेज में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि युवा उत्सव का उद्देश्य जिले के युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उनमें नेतृत्व क्षमता व रचनात्मकता का विकास करना है। युवाओं को ऐसे मंचों से अपनी संस्कृति और साहित्य से जुड़ने का मौका मिलता है।
कार्यक्रम में कविता लेखन, गायन, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और लोकनृत्य की प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कविता लेखन में निखिल यादव (सदर) प्रथम, विकास कुमार गुप्ता (बाराचवर) द्वितीय और कृतिका कुमारी (सदर) तृतीय रहीं। गायन में अशिका चौधरी (मनिहारी) ने पहला, पायल कुमारी (बिरनो) ने दूसरा और आयुष सिंह (सदर) ने तीसरा स्थान पाया। लोकगीत में अंकित (सदर) प्रथम, सुधीर (बाराचवर) द्वितीय और सुहानी (रेवतीपुर) तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में करिश्मा भारती एंड टीम प्रथम, शगुन एंड टीम द्वितीय और आकांक्षा एंड टीम तृतीय रही। सभी टीमें सदर ब्लॉक की थीं। लोकनृत्य में सदर ब्लॉक की खुशी एंड टीम विजेता बनी, जबकि पीजी कॉलेज की टीम दूसरे और माहे इमराज की टीम तीसरे स्थान पर रही।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो. वीरेन्द्र कुमार सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रथम स्थान पर 5000 रुपये, द्वितीय पर 3000 रुपये और तृतीय पर 2000 रुपये नकद के साथ प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस दौरान परियोजना निदेशक महेंद्र यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद यादव, प्रो. शिवकुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित प्रवक्ताओं ने निभाई। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभी का आभार व्यक्त किया।