मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगा AB-PMJAY का लाभ, कैशलेस इलाज के लिए पोर्टल Go-Live को मिली मंजूरी
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
सूचना निदेशक की अध्यक्षता में हुआ प्रशिक्षण, एक सप्ताह में पत्रकारों का डेटा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश
गाजीपुर। सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के लिए विकसित किए गए नए पोर्टल को लेकर विस्तृत बैठक हुई।
बैठक में सूचना निदेशक द्वारा पोर्टल को Go-Live किए जाने की सहमति प्रदान की गई। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल के Process Flow का प्रस्तुतिकरण किया और लाइव डेमो के माध्यम से आयुष्मान कार्ड जारी करने की पूरी प्रक्रिया – आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड – के बारे में विस्तार से समझाया। इस प्रशिक्षण में मुख्यालय एवं प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार बंधुओं और उनके परिजनों को इसका त्वरित लाभ मिल सके। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों व उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के अंदर सभी औपचारिकताएं पूरी कर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें और मुख्यालय को भी अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।