आत्मा प्रकाश महाविद्यालय में चला यातायात जागरूकता अभियान, बच्चों को बताए गए सड़क सुरक्षा के नियम

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
जंगीपुर/गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ० ईरज राजा के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को जंगीपुर स्थित आत्मा प्रकाश महाविद्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री बालेंद्र कुमार ने किया, जबकि टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान NHAI के सक्षम अधिकारी भी मौजूद रहे।
टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने बच्चों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए हमारा नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।