
गाजीपुर।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के मालिक आलोक राय के बड़े बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय की शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने पूर्व की रंजिश को हत्या की प्रमुख वजह मानते हुए चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है ।
जानकारी के अनुसार, होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र विनीत राय उर्फ हनी राय बिंदु होटल का संचालन एवं प्रबंधन देखते थे। शनिवार देर रात लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक होटल के पास पहुंचे और स्टाफ से बीयर की मांग करने लगे। इसी दौरान विनीत राय होटल से बाहर निकले, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विनीत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े नहीं बल्कि होटल के सामने देर रात हुई इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है ।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार फरवरी 2024 में होटल परिसर में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें शंकर पाण्डेय और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी विवाद की कड़ी को इस हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा हैं ।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर शंकर पाण्डेय समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। बिहार सहित आसपास के जनपदों में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी 25 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हैं और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में डीआईजी ने बताया कि पूर्व में हुई मारपीट की घटना में शामिल लोगों पर ही इस हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा ।
होटल मालिक के बेटे की हत्या की इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है ।