
गाजीपुर । कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मारपीट, धमकी, रंगदारी, धोखाधड़ी और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहे सपा नेत्री बिंदु बाला के जेठ अच्छेलाल बिंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस मामले में नामजद सपा नेत्री बिंदु बाला और उनके पति केशव बिंद अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस बात की पुष्टि सीओ सिटी शेखर सेंगर ने की है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि जनपद गाजीपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित चल रहे अच्छेलाल बिंद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सपा नेत्री बिंदु बाला का जेठ बताया जा रहा है और वह मीरनपुर सक्का इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी, रंगदारी, धोखाधड़ी और अवैध जमीन कब्जाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक आरोपी पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 362/26 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में नामजद सपा नेत्री बिंदु बाला और उनके पति केशव बिंद अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।