गाजीपुर ।
जिले में बीते दिन आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई, जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा के बाद प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला स्वयं पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाएगा।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, सदर तहसील क्षेत्र में दो लोगों की जान गई, जबकि मुहम्मदाबाद तहसील में एक महिला की मृत्यु हुई है। तेज तूफान के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई और आवागमन बाधित रहा।
घटना के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सड़कों से गिरे पेड़ों और मलबे को हटाने तथा बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन की तत्परता से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति को तेजी से सामान्य बनाने का प्रयास जारी है, वहीं पीड़ित परिवारों को हरसंभव राहत पहुंचाने की कवायद भी तेज कर दी गई है।
