एसपी विनय कुमार सिंह ने किया थाना सैदपुर का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर, कार्यालय, CCTNS कक्ष, बैरक, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, जनसुनवाई डेस्क और मालखाना गृह का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने जनसुनवाई डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों से उनके कार्यों की समीक्षा की और मिली कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय के सभी रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की।
इस दौरान उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए, वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए, हिस्ट्रीशीटरों की कड़ी निगरानी रखी जाए और महिला संबंधी अपराधों पर विशेष रूप से कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने थाने पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों / शिकायतकर्ताओं के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए ताकि आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहे।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी सैदपुर, प्रभारी निरीक्षक सैदपुर सहित थाने के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
