12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा हजारों वादों का होगा निस्तारण

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 12 दिसंबर को किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां तथा अन्य सभी सरकारी प्रतिष्ठानों में एक साथ किया जाएगा।
उक्त बात की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के शमनीय वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसमें उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा 138 एन.आई. एक्ट के मामले, स्टाम्प वाद, पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, बाट-माप अधिनियम, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद एवं वैवाहिक विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा।
आगे उन्होंने बताया कि पिछली लोक अदालतों की भांति इस बार भी अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर आमजन को त्वरित और सस्ता न्याय उपलब्ध कराना लक्ष्य है। जिन वादकारियों के मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने वाद को लोक अदालत में नियत कराने के लिए संबंधित न्यायालय या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।