एसपी के नेतृत्व में दौड़े पुलिसकर्मी, सरदार पटेल को किया नमन

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
सरदार पटेल जयंती पर गाजीपुर पुलिस का ‘रन फॉर यूनिटी’: नेहरू स्टेडियम से विकास भवन तक दौड़ी एकता
गाजीपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद पुलिस ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद एसपी श्री विनय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। यह एकता दौड़ नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर विकास भवन चौराहे तक निकाली गई। दौड़ में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में एकता के नारे और देशभक्ति के जोश के साथ पुलिसकर्मियों ने लोगों को एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का महान कार्य किया था। आज के समय में राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना और लोगों को जागरूक करना था।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सीओ सिटी समेत पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।