राजस्व और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, एक दरोगा घायल; जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा- हमलावरों पर होगा गुंडा एक्ट, NSA तक की कार्रवाई

भूमि विवाद में पैमाइश करने गई टीम पर हमला, जिलाधिकारी ने दिए कठोर कार्रवाई के निर्देश
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर, 08 अक्टूबर 2026। जनपद में भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस एवं राजस्व टीम पर हुए हमले को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने घायल पुलिस कर्मियों से अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और हमलावरों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता दर्शन के दौरान 06 अगस्त 2026 को प्रार्थिनी श्रीमती प्रमिला देवी ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। इस पर उन्होंने राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए थे। राजस्व टीम ने पैमाइश कर कब्जा दिलाया और सीमा चिन्ह / खंभा स्थापित किया, जिसे विपक्षी पक्ष ने उखाड़ दिया। शिकायत दोबारा मिलने पर DM के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ पुनः पैमाइश के लिए मौके पर गई थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से टीम पर हमला बोल दिया। हमले में एक उपनिरीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपनिरीक्षक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस और प्रशासनिक टीम पर हमला कानून-विरोधी और बर्दाश्त से बाहर है। आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर की कार्रवाई की जा रही है, और जरूरत पड़ी तो गैंगस्टर एक्ट व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई होगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी विवाद का समाधान कानून हाथ में लेकर नहीं, बल्कि वैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से करें।