सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक: जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश: परम्परा से हटकर कुछ नहीं होगा, पंडालों में अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर, 08 अक्टूबर 2026। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन तथा पुलिस की टीम जनपद में भाईचारा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नागरिकों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के आदेश- बैठक के दौरान संभ्रांत नागरिकों ने सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
पंडालों के लिए जारी हुए सख्त दिशा-निर्देश-
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा आयोजकों के लिए कड़े नियम बताए-
•पंडाल सड़क किनारे न लगाया जाए, प्रवेश और निकास द्वार के लिए पर्याप्त जगह रखी जाए। • सजावट में अत्यंत ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। • हर पंडाल में रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था अनिवार्य होगी, जिसका अधिकारी पहले से निरीक्षण करेंगे। • दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई नया निर्माण कार्य नहीं होगा। • पंडाल में अश्लील गाने बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। • दर्शन के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगानी होंगी। • शासन के निर्देशानुसार त्योहार पारंपरिक ढंग से ही मनाए जाएंगे, कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी।
बिजली विभाग को चेतावनी- त्योहार के दौरान विद्युत संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जर्जर तारों, खंभों और लटके हुए तारों को, विशेषकर विसर्जन मार्गों पर, प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने का निर्देश दिया। सभी नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को पानी, बिजली और साफ-सफाई चाक-चौबंद रखने को कहा गया है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर- जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और न ही उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद में महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहेगी और प्रमुख पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।