बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात ‘अर्णब’ – गाजीपुर समेत पूर्वांचल में 28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवा का येलो-ऑरेंज अलर्ट

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। मौसम विभाग, लखनऊ ने बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार तूफान आज Very Severe Cyclonic Storm में बदल गया है और 28 अक्टूबर को आंध्र तट पर लैंडफॉल करेगा। इसके असर से जनपद गाजीपुर में 28 से 31 अक्टूबर तक मेघगर्जन, आकाशीय विद्युत और बेमौसम भारी वर्षा की संभावना है।
जिला प्रशासन का अलर्ट: उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है, जबकि 29 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवा के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सोशल मीडिया पर 135 किलोमीटर की हवा का जो मैसेज वायरल है, वह समुद्र तट के लिए है, गाजीपुर के लिए नहीं।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) अशोक राय, आपदा विशेषज्ञ, DDMA/ EOC कलेक्ट्रेट, गाजीपुर ने अपील करते हुए कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें, सुरक्षित पक्के भवन में रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें, आकाशीय बिजली की जानकारी के लिए दामिनी एप्लीकेशन और आपदा अलर्ट के लिए सचेत एप्लीकेशन का प्रयोग करें। साथ ही यह भी कहा कि पेड़ के नीचे, खेतों में या खुले शौच में न रुकें, नदियों, नालों और जलभराव वाले मार्गों को पार करने का प्रयास न करें, बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल चार्जिंग या विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में 112, 1077, 1070 पर संपर्क करें।