रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद में होने वाला सामूहिक विवाह समारोह फिलहाल उपहार सामग्री की वजह से अटका हुआ है। चयनित फर्म द्वारा समय पर सामग्री न देने पर विभाग ने उसकी निविदा निरस्त कर दी है। अब नई निविदा की प्रक्रिया चल रही है।
क्या है पूरा मामला? जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सामूहिक विवाह समारोह के लिए GeM पोर्टल के माध्यम से दो अलग-अलग निविदाएं निकाली गई थीं। एक समारोह के आयोजन के लिए और दूसरी लाभार्थियों को दी जाने वाली उपहार सामग्री के लिए। समारोह के आयोजन वाली निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फर्म का चयन भी हो गया है।
लेकिन उपहार सामग्री की आपूर्ति के लिए चयनित मेसर्स मुकेश ट्रेडिंग कारपोरेशन ने निर्धारित समय में सामग्री नहीं पहुंचाई। विभाग ने फर्म को तीन बार पत्र लिखकर निर्देश दिया, फिर भी आपूर्ति नहीं हुई। इसके बाद विभाग ने नियम अनुसार उसकी निविदा निरस्त कर दी।
अब क्या हो रहा है? उपहार सामग्री के लिए 23 अक्टूबर 2026 को फिर से GeM पोर्टल पर नई निविदा निकाली गई। 03 नवंबर 2026 को तकनीकी बिड खोल दी गई है। अब वित्तीय बिड खोलने की कार्यवाही चल रही है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
विभाग का कहना है कि जैसे ही निविदा प्रक्रिया पूरी होगी, उपहार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर समारोह की तिथि घोषित कर दी जाएगी और यथाशीघ्र सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कराया जाएगा। विभाग पात्र जोड़ों के विवाह के लिए सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर कर रहा है।