गहमर में गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश गिरफ्तार, 8 मुकदमों का है इतिहास

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना गहमर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 50 वर्षीय शातिर अभियुक्त अंजनी सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 08.10.2026 को अतिरिक्त निरीक्षक विजय बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ भदौरा बॉर्डर पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर खास से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर अभियुक्त को धर दबोचा गया। पकड़ा गया अभियुक्त अंजनी सिंह पुत्र स्वर्गीय ललिता सिंह, निवासी ग्राम गहमर, पट्टी खेलूराय का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना गहमर में मु0अ0सं0 190/2026 धारा 2(b)(1), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, छेड़छाड़ और SC/ST एक्ट समेत कुल 8 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें 1995 से लेकर 2025 तक के मामले शामिल हैं। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।