पर्यवेक्षक दल करीब एक सप्ताह करेगा रायशुमारी, 30 अगस्त तक केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी रिपोर्ट…।
गाजीपुर , 16 अगस्त ।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत गाजीपुर में नए जिलाध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारियों के चयन की कवायद तेज हो गई है। रविवार को सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक पूनम पासवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उनके साथ पीसीसी पर्यवेक्षक मनीष मोरेलिया एवं पीसीसी ऑब्जर्वर धर्मेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे ।
पर्यवेक्षक दल के गाजीपुर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सुनील राम एवं शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बूथ स्तर तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूनम पासवान ने कहा कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व जिला संगठन की कमान ऐसे ईमानदार, कर्मठ, योग्य एवं जनसरोकार के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करने वाले लोकप्रिय कार्यकर्ता को सौंपना चाहता है, जो सभी वर्गों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में सक्षम हो ।
उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर व्यापक स्तर पर रायशुमारी की जाएगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं, बूथ पदाधिकारियों, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों, स्थानीय पत्रकारों तथा अन्य पदाधिकारियों से बातचीत कर फीडबैक लिया जाएगा। पर्यवेक्षक दल गाजीपुर में करीब एक सप्ताह रहकर जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों की राय जानेगा। इसके बाद 30 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की बात कही गई है। सितंबर में नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होने की संभावना है।
आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े सवाल पर पूनम पासवान ने स्पष्ट किया कि संगठन सृजन अभियान का आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस के जिला एवं शहर संगठन को मजबूत करना, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना और जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित जिम्मेदारी देना है ।
इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, जनार्दन राय, जनक कुशवाहा, लाल साहब यादव, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुसाफिर बिंद, माधव कृष्ण प्रकाश राय, धर्मेंद्र, हामिद अली, मंसूर जैदी, ओमप्रकाश पासवान, महेश राम, अयुब, आशुतोष गुप्ता, राम नगीना पांडे, कमलेश्वर शर्मा, अखिलेश यादव, सुनील साहू, शबीहूल हसन सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे ।