गाजीपुर में SWAT की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोर गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार, 16 बाइक बरामद

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। जिले में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद की SWAT टीम और थाना जंगीपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की संयुक्त टीम ने 27/28 अक्टूबर की रात जंगीपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 16 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई ये कार्रवाई पिछले कुछ वर्षों में वाहन चोरी के विरुद्ध सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ के लिए भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बाइक चोरी करते थे और फिर उनके इंजन व अन्य पार्ट्स अलग-अलग काटकर बाजार में बेच देते थे। पुलिस ने इनके पास से 15 साबुत मोटरसाइकिल, 01 इंजन कटा हुआ, 03 मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद बाइकों में से 6 के संबंध में जनपद के कोतवाली, जंगीपुर, करण्डा, सैदपुर और वाराणसी के चौबेपुर थाने में चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य बाइकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार हुए अभियुक्तों में क्रमशः प्रवेश राजभर (25) पुत्र लोरिक राजभर निवासी कटया सादात जनपद गाजीपुर, अतुल सिंह (29) पुत्र अजय कुमार सिंह निवासी कटया सादात जनपद गाजीपुर व नीरज राजभर (26) पुत्र कन्हैया राजभर निवासी कटया सादात जनपद गाजीपुर के निवासी है। तीनों के खिलाफ थाना जंगीपुर में BNS की धारा 2(30), 317(2), 317(5), 318(4) के तहत मुकदमा संख्या 227/26 दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामद वाहनों में सबसे ज्यादा हीरो स्प्लेंडर प्लस और सुपर स्प्लेंडर हैं। इनमें UP61, UP65, UP62 और PB03 नंबर की बाइकें शामिल हैं। पुलिस ने सभी वाहनों को सील कर दिया है।
वही पुलिस टीम की इस सफलता में शामिल SWAT प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी सुमित बालियान, थानाध्यक्ष जंगीपुर ओमप्रकाश सहित SWAT और जंगीपुर थाने के जवान शामिल रहे।