गाजीपुर में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में लूट, फायरिंग कर 6 सोने की चेन लेकर फरार हुए बदमाश
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशीबाजार में शनिवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। संगिनी ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर तीन कार सवार लुटेरों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी और छह सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम को एक कार से तीन युवक बंशीबाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स पर पहुंचे। युवकों ने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार संजय वर्मा ने उन्हें छह सोने की चेन दिखाने के लिए काउंटर पर रखीं। इसी दौरान एक बदमाश ने असलहे से फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बदमाश दहशत का फायदा उठाकर सभी छह चेन लूटकर दुकान के बाहर खड़ी कार से हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते लुटेरे भाग चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी राकेश सिंह, सीओ सदर सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी ने पीड़ित सर्राफा व्यापारी संजय वर्मा से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस लूट और फायरिंग की घटना से सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया की तीन की संख्या में आए बदमाशों ने संगिनी ज्वेलर्स से छह सोने की चेन लूटी है और फायरिंग करते हुए भागे हैं। पुलिस टीमों को लगाया गया है, जल्द ही लुटेरे गिरफ्तार होंगे।
