रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनता से अपील किया है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चल रही स्वगणना प्रक्रिया में सहभाग करते हुए आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की स्वगणना करें।
उन्होंने बताया कि स्वगणना के दौरान लगभग 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार से संबंधित आवश्यक सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी दर्ज की जाएगी। स्वगणना पूर्ण होने के उपरांत एक स्वगणना आईडी (SE ID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखें तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के मध्य घर-घर गणना के लिए आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। उन्होंने सभी से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की सामाजिक एवं आर्थिक नीतियों के निर्माण और विकास की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।