गाजीपुर ।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक कमेटी गाजीपुर की ओर से जिला कारागार में राष्ट्रीय ध्वज एवं मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने किया ।
समिति के पदाधिकारियों ने जिला कारागार पहुंचकर जेल प्रशासन को राष्ट्रीय ध्वज एवं मिष्ठान सौंपा, जिसे डिप्टी जेलर रविंद्र सिंह ने ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया ।
जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी का पर्व प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और सम्मान का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए देश की एकता एवं अखंडता के लिए सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए ।
जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि अपराध निरोधक समिति समाज में जागरूकता, सुधार और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला कारागार में राष्ट्रीय ध्वज एवं मिष्ठान भेंट करने का उद्देश्य बंदियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच की भावना को प्रोत्साहित करना है ।
इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, जेल शिक्षक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, समिति के पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रभाकर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया गया ।