गाजीपुर ।
आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के गाजीपुर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न शिक्षण, तकनीकी एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सत्यदेव डिग्री कॉलेज में मैनेजिंग ट्रस्टी सावित्री सिंह ने ध्वजारोहण किया। जमुना सिंह मेमोरियल आईटीआई सागापाली में मुख्य प्रबंध निदेशक प्रो. आनंद सिंह, प्रधानाचार्य कृष्णानंद उपाध्याय एवं नरेंद्र देव सिंह ने तिरंगा फहराया। डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज में प्राचार्य डॉ. विजेंद्र कुमार सिंह, निदेशक प्रमोद कुमार सिंह एवं प्रो. आनंद सिंह ने ध्वजारोहण किया।
सत्यदेव हॉस्पिटल, नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज, आईटीआई, कॉलेज ऑफ फार्मेसी, इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एवं लॉ कॉलेज में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल गाजीपुर में प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह, मैनेजिंग ट्रस्टी सावित्री सिंह एवं प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। वहीं सागापाली स्थित सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल में मुख्य प्रबंध निदेशक प्रो. आनंद सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष के बीच विद्यार्थियों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोहों में युवाओं को शिक्षा, कौशल और संस्कार के साथ आत्मनिर्भर बनने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। सभी संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के जयघोष के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ ।