गाजीपुर ।
सकरा, जैतपुरा स्थित लुटावन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य अतिथि जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत नजर आया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना हम सभी का दायित्व है।
विधायक ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस समारोह में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने देश की प्रगति, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से गूंज उठा। समारोह का वातावरण पूरे समय राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह से सराबोर रहा।