गाजीपुर ।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व मनाया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की गई। कार्यक्रम में पंचायत राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी मौजूद रहे ।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि प्रदेश सरकार ने रानी अहिल्याबाई योजना को मंजूरी दी है। योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र महिलाओं को स्मार्ट कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे प्रदेशभर में निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठा सकेंगी ।
रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें साड़ी, फूड पैकेट और मिठाइयां भी वितरित की गईं। महिलाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की ।
इस अवसर पर डीएम अनुपम शुक्ला ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। जल्द ही पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे ।
रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में पुलिस बल और यूपी-112 की विशेष व्यवस्था भी की गई। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही पुलिस टीमों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए ।
इस कार्यक्रम में महिलाओं ने सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दिए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे बुजुर्ग महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण और राहतकारी कदम बताया ।