पैर के ऑपरेशन के लिए 21 अगस्त से अस्पताल में था भर्ती, टॉयलेट जाने के बहाने भागा; 35 मुकदमों का है आरोपी
गाजीपुर ।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती एक हिस्ट्रीशीटर कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। कैदी के अस्पताल से फरार होने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और फरार कैदी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है ।
पुलिस के अनुसार फरार कैदी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ करीब 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 21 अगस्त से पैरों के ऑपरेशन और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। अस्पताल में उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा था।
बताया गया कि शनिवार को सुधीर व्हीलचेयर से टॉयलेट जाने की बात कहकर गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। करीब 15 मिनट बाद टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर की जाली टूटी हुई मिली और कैदी गायब था। मौके पर उसकी व्हीलचेयर और गमछा मिला।
सुधीर पासी मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-92A बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक गत एक अगस्त को गहमर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। उपचार के लिए बाद में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
कैदी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। साथ ही अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना ने अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।