गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा और नंदगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .312 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार करंडा थाना क्षेत्र के सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को घेरने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह करंडा थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ करंडा और नंदगंज थानों में वर्ष 2016 से 2026 के बीच कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट तथा हत्या के प्रयास से संबंधित मामले शामिल हैं।
इस कार्रवाई में करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक और नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।