दिलदारनगर (गाजीपुर ) ।
राजेंद्र नगर से दिलदारनगर होते हुए अजमेर जाने वाली जियारत एक्सप्रेस का दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव गुरुवार से शुरू हो गया। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर जियारत एक्सप्रेस को अजमेर के लिए रवाना किया ।
इस अवसर पर जदयू के नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी, दिलदारनगर नगरपालिका अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह तथा जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।
जियारत एक्सप्रेस के दिलदारनगर स्टेशन पर ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों में खुशी का माहौल है। अब दिलदारनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अजमेर सहित मार्ग में पड़ने वाले अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रेलवे और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया ।
वहीं स्थानीय यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन के ठहराव से धार्मिक, व्यावसायिक एवं अन्य जरूरी यात्राओं में काफी सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे, जिसके पूरा होने से लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है ।