जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया औचक निरीक्षण

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया औचक निरीक्षण, युवा और महिला मतदाताओं पर विशेष फोकस का निर्देश
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में चल रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने शहर के दो प्रमुख मतदान केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में बने बूथ संख्या 231 से 237 तक कुल सात बूथों और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में बने बूथ संख्या 254 से 259 तक कुल छह बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति में हेल्प डेस्क संचालित मिली। जिलाधिकारी ने बीएलओ से फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रगति के बारे में जानकारी ली और आने वाले नागरिकों को पंजीकरण संबंधी सहायता तत्परता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा, जबकि सूची में संशोधन और अन्य बदलावों के लिए फॉर्म-8 से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति को एक बार में 10 से अधिक फॉर्म-7 न दिए जाएं। उन्होंने सभी बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
