गाजीपुर ।
जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच Indian Oil Corporation की जानकी मुरलीधर इंडियन गैस एजेंसी, पलाहीपुर पर ग्राहकों ने मनमानी और अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राहकों का कहना है कि सिलेंडर लेने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर ऐसे लोगों को भी सिलेंडर दिए जा रहे हैं जो मौके पर मौजूद नहीं हैं।

वहीं ग्राहकों के मुताबिक, एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें लगी रहती हैं। इसी बीच एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दूध की गाड़ी लेकर पहुंचा और कई लोगों के सिलेंडर लेकर जाता दिखाई दिया। बताया गया कि उसके पास करीब चार-पांच गैस की किताबें थीं, जबकि मौके पर संबंधित ग्राहक मौजूद नहीं थे। इसको लेकर वहां मौजूद लोगों ने सवाल उठाए।
1014 रुपये की जगह 1020 रुपये वसूलने का आरोप
कुछ ग्राहकों ने एजेंसी पर निर्धारित कीमत से अधिक रकम वसूलने का भी आरोप लगाया। ग्राहकों का कहना है कि जहां सिलेंडर की कीमत 1014 रुपये बताई जा रही है, वहीं उनसे 1020 रुपये लिए जा रहे हैं ।
ग्राहकों का यह भी आरोप है कि जब वे इस तरह की अनियमितताओं का विरोध करते हैं तो एजेंसी की ओर से कथित तौर पर उन्हें धमकी दी जाती है। विरोध करने पर कनेक्शन कटवाने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन —
मामले को लेकर गाजीपुर के जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) अनंत सिंह ने कहा कि यदि इस तरह से सिलेंडर वितरण किया जा रहा है तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।
गैस सिलेंडर की कमी के बीच ग्राहकों की बढ़ती परेशानी और एजेंसी पर लगाए गए इन आरोपों ने गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।