गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन गाजीपुर जनपद की मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट पर राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज होती दिखाई दे रही हैं ।
क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जिनमें युवा नेता पीयूष कुमार राय का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है ।
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गाजीपुर में आयोजित जनसभा के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने और गति पकड़ ली है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीयूष कुमार राय ने सक्रिय भूमिका निभाई। जनसभा के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री के मंच पर भी स्थान मिला, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह के कयास लगाए जा रहे हैं । हालांकि, इसे लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान या संकेत जारी नहीं किया गया है ।
मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट पूर्वांचल की सबसे चर्चित और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीटों में गिनी जाती है। इस सीट का राजनीतिक इतिहास काफी प्रभावशाली रहा है और लगभग हर चुनाव में प्रदेशभर की निगाहें इस क्षेत्र पर रहती हैं। ऐसे में भाजपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा स्वाभाविक मानी जा रही है ।
बता दे कि उम्मीदवारों की चर्चाएं आम की लिस्ट में पीयूष राय का भी नाम शामिल है , पीयूष कुमार राय, पूर्व विधायक स्वर्गीय कृष्णानंद राय के पुत्र हैं। उनकी माता एवं पूर्व विधायक अलका राय भी लंबे समय तक क्षेत्र की सक्रिय राजनीति का हिस्सा रही हैं। परिवार की राजनीतिक विरासत और क्षेत्र में उनकी सक्रिय मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर उन्हें भाजपा के संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है।
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में किसी युवा और सक्रिय चेहरे पर भरोसा जताती है, तो पीयूष कुमार राय का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हो सकता है। वहीं समर्थकों के बीच भी उनके नाम को लेकर लगातार चर्चाएं देखने को मिल रही हैं।
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी किसी भी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है । ऐसे में टिकट को लेकर चल रही सभी चर्चाएं फिलहाल केवल राजनीतिक अटकलों और स्थानीय स्तर पर हो रही चर्चाओं पर ही आधारित हैं ।
वही राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा की रणनीति और उम्मीदवार चयन को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल, इस सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं और क्षेत्रीय राजनीति में इसे लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है ।