पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी, प्रशासन की निगरानी जारी
गाजीपुर, 19 अगस्त ।
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। बुधवार सुबह आठ बजे प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गंगा का जलस्तर 60.470 मीटर दर्ज किया गया। बीते कुछ घंटों से जलस्तर में करीब पांच सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है। हालांकि वर्तमान जलस्तर सामान्य सीमा से ऊपर है, लेकिन अभी चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर से नीचे बना हुआ है।
जलस्तर के निर्धारित मानकों के अनुसार 59.906 मीटर सामान्य जलस्तर, 62.100 मीटर चेतावनी बिंदु, 63.105 मीटर खतरा बिंदु तथा 65.220 मीटर उच्च बाढ़ स्तर निर्धारित है। ऐसे में वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 1.63 मीटर नीचे है। लगातार हो रहे बढ़ाव को देखते हुए गंगा किनारे के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाना जरूरी माना जा रहा है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में गंगा का उच्चतम बाढ़ जलस्तर 64.680 मीटर, वर्ष 2022 में 64.390 मीटर, वर्ष 2023 में 61.700 मीटर तथा वर्ष 2019 में 64.530 मीटर दर्ज किया गया था।
फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे होने के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है, लेकिन जलस्तर में जारी तेज बढ़ाव को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। जलस्तर में होने वाले परिवर्तन पर लगातार नजर रखी जा रही है ।