सैदपुर थाना क्षेत्र से बरामद हुई किशोरी, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी
गाजीपुर ।
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बरेजी गांव से अपहृत दिव्यांग नाबालिग किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि अपहरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बरेजी गांव से गत 1 अगस्त को बाइक सवार दो अज्ञात युवक दिव्यांग किशोरी का अपहरण कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार सर्च अभियान चलाया। जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस ने सैदपुर थाना क्षेत्र के भीतरी इलाके से अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने सैदपुर थाना क्षेत्र के एकावस पट्टी गांव निवासी रुकमा देवी को अपहरण में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि अपहरण की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल अनावरण किया जाएगा।