मध्याह्न भोजन योजना पर संकट, ताला तोड़कर वारदात; पुलिस ने शुरू की जांच…।
गाजीपुर ।
करंडा ब्लॉक के नंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा ढेलवां स्थित कंपोजिट विद्यालय में अवकाश के दौरान अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मध्याह्न भोजन योजना में इस्तेमाल होने वाले दो गैस भरे सिलेंडर और अनाज की दो बोरियां उठा ले गए। विद्यालय खुलने पर घटना की जानकारी होने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया।
रक्षाबंधन के अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार सोनिया सहित विद्यालय स्टाफ ने देखा कि एक कमरे का ताला टूटा हुआ है। कमरे के अंदर रखे दोनों गैस सिलेंडर और अनाज की बोरियां गायब थीं। इसके बाद प्रधानाध्यापक ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही नंदगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रधानाध्यापक की तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है। प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है।
घटना के दौरान मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों के अलावा ग्राम प्रधान कमलेश कुमार बिंद भी मौजूद रहे। विद्यालय में कुल 132 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनके शिक्षण कार्य के लिए आठ शिक्षक और एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं।
गैस सिलेंडर और खाद्यान्न की बोरियां चोरी होने से विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन पर संकट खड़ा हो गया है। अब बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विद्यालय को वैकल्पिक इंतजाम करना पड़ सकता है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास भी किया जा रहा है।