गाजीपुर ।
शादियाबाद थाना क्षेत्र में 30 जुलाई को करिमुल्लापुर नहर (वसदेईया) के पास मिले रोहित यादव के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड श्यामसुन्दर यादव उर्फ गोलू फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे करिमुल्लापुर नहर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। मृतक की पहचान रोहित यादव पुत्र राजेंद्र यादव, निवासी भवनपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ, हाल निवासी मरदापुर, थाना सादात, गाजीपुर के रूप में हुई। रोहित अपने मामा के घर मरदापुर में रहकर वाराणसी में पढ़ाई करता था। इसके बाद मृतक के पिता की तहरीर पर शादियाबाद थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मृतक की अंतिम गतिविधियों, तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि रोहित यादव और श्यामसुन्दर यादव उर्फ गोलू पहले से एक-दूसरे को जानते थे और मित्र थे।
पुलिस का दावा है कि श्यामसुन्दर यादव की पूर्व परिचित एक महिला ने उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते वह जेल में निरुद्ध रहा था। बाद में उक्त महिला और उसकी बहन से रोहित का संपर्क हो गया। इसी बात को लेकर श्यामसुन्दर रोहित से नाराज था और जेल से बाहर आने के बाद बदला लेने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे श्यामसुन्दर ने बाल अपचारियों की मदद से रोहित को मोटरसाइकिल पर बैठाकर वाराणसी से शादियाबाद क्षेत्र के कस्बा दयालपुर स्थित एक खाली मकान में पहुंचाया। इसके बाद तमंचे और कारतूस की व्यवस्था कर रोहित को करिमुल्लापुर (वसदेईया) नहर के किनारे सुनसान स्थान पर ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, वहीं रोहित के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रोहित को भयभीत करते हुए उसके परिचित से फोन पर बातचीत कराई और एक अन्य ऑडियो भी तैयार कर परिचित को भेजा था। पुलिस ने इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है।
15 अगस्त को तीन बाल अपचारी हिरासत में
शादियाबाद पुलिस टीम ने 15 अगस्त 2026 को घटना का अनावरण करते हुए तीन बाल अपचारियों को नहर पुलिया, ग्राम बहरामपुर चौबहा के पास से दोपहर करीब 2:25 बजे हिरासत में लिया। तीनों वाराणसी जनपद के रहने वाले बताए गए हैं और मृतक तथा मुख्य आरोपी श्यामसुन्दर के परिचित हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मृतक के मोबाइल फोन में हत्या से संबंधित वीडियो भी मिला है।
बरामदगी एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5)/315 बीएनएस तथा 9/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। वहीं घटना के बाद फरार बताए जा रहे श्यामसुन्दर यादव उर्फ गोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।
इन हत्या आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह मय हमराह, चौकी प्रभारी हंसराजपुर उपनिरीक्षक सचिन सिंह तथा उपनिरीक्षक जनार्दन प्रसाद शामिल रहे ।