गाजीपुर, 13 अगस्त ।
सैदपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया ।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात गश्त एवं चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक सैदपुर अनिल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि ₹50 हजार का इनामी अभियुक्त सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौकी प्रभारी भितरी अनोज कुमार सिंह के साथ अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी कर दी ।
इसी दौरान सादात की ओर से एक अपाचे मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल फिसलकर गिरने के बाद अभियुक्त ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से करीब पांच-छह राउंड फायरिंग की। अंधेरे में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा ।
पुलिस टीम ने घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द (38) पुत्र बुची बिन्द, निवासी ग्राम अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, गाजीपुर, हाल पता ग्राम बाकरबाद महाराजगंज, थाना कोतवाली, गाजीपुर के रूप में हुई है ।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल तथा ₹1,300 नकद बरामद करने का दावा किया है ।
पुलिस के मुताबिक, संजय बिन्द के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध शराब, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सैदपुर, मुहम्मदाबाद, कोतवाली और नोनहरा के मामले शामिल हैं। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ सैदपुर और मुहम्मदाबाद थानों में आर्म्स एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा अन्य आरोपों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह मय हमराह तथा उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह मय हमराह, थाना सैदपुर पुलिस टीम मुख्य रूप से शामिल रही।