पुलिस की जवाबी फायरिंग में दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस और अपाचे बाइक बरामद; साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार….।
गाजीपुर ।
मोहम्मदाबाद के चर्चित किडनैपिंग मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से गौसपुर की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर कठवा मोड़ की तरफ भागने लगे ।
संदिग्धों के भागने की सूचना आरटी सेट के माध्यम से कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया ।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान विजयी पुत्र छोटेलाल (34), निवासी बढ़ई पूरा, थाना मोहम्मदाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है ।
पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है ।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम —
यह मुठभेड़ प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में नोनहरा पुलिस टीम शामिल रही ।