मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) ।
खबर गाजीपुर से जहां मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरेजी गांव में खेत में बकरियां चरा रही एक 16 वर्षीय मूक-बधिर किशोरी का बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया ।
इस घटना के एक दिन बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका है और पुलिस के हाथ अभी भी पूरी तरह से खाली है , फिलहाल पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित करते हुए तलाश अभियान को और तेज कर दिया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरेजी गांव निवासी 16 वर्षीय दिव्यांग किशोरी ग्रीन फील्ड हाईवे के किनारे खेत में बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर फरार हो गए ।
इस घटना के दौरान आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और महिलाओं ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक के कारण आरोपी भागने में सफल रहे ।
बता दे की जन्म से मूक-बधिर होने के कारण किशोरी की सुरक्षा को लेकर परिजनों की चिंता और बढ़ गई है ।
इस घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर मुहम्मदाबाद कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।
आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर संभावित मार्गों, ग्रीन फील्ड हाईवे, गांवों तथा अन्य स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अतुल सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दो युवक किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जल्द ही मामले के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है ।