
गाजीपुर ।
जिला जेल में बंद कैदियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक तथा जिला जज की संयुक्त टीम ने जिला जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन नए बैरक सहित जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और बंदियों की समस्याएं भी सुनीं ।

इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जिला जेल में निर्माणाधीन नया बैरक अब लगभग पूर्ण हो चुका है और निर्माणदायी संस्था शीघ्र ही इसे जेल प्रशासन को हस्तांतरित करेगी। नए बैरक के शुरू होने से जेल में बंदियों के आवास की व्यवस्था और बेहतर होगी ।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पुरुष एवं महिला बंदियों के कौशल विकास और जीविकोपार्जन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी जल्द पूरी की जाएंगी, जिससे बंदियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान बंदियों ने जेल परिसर से संबंधित कुछ समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।