रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, कचहरी रोड पर वृहद ‘एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश मिश्रा, प्रबंधक अफीम फैक्ट्री रजत तिवारी, असिस्टेंट कमांडेंट सीआईएसएफ गोविन्द नारायण मीणा एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सायं 5:30 से 6:30 बजे तक चले अभ्यास में हवाई हमले, ब्लैकआउट, आगजनी, बमबारी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
सायं 6:00 बजे सीआईएसएफ बटालियन द्वारा मॉक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। चेतावनी मिलते ही विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया। घरों-प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा मोबाइल की रोशनी का अनावश्यक उपयोग न करने के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।
सायं 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन के बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। पुलिस, नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधियों एवं आपदा मित्रों ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर शरणालयों तक पहुंचाया। अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने की प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस ने घायलों की टैगिंग, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।
मॉकड्रिल में सीबीआरएन आपातकाल से निपटने तथा बमबारी के दौरान सुरक्षित रहने के उपाय भी बताए गए। समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी विभागों के समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संयुक्त अभ्यास आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करते हैं।


