रघुनाथपुर (छावनी लाइन) में लगा वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बताई सरकारी योजनाओं की जानकारी

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। छावनी लाइन ग्राम पंचायत के रघुनाथपुर गांव में गुरुवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के तत्वावधान में वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं, बचत, ऋण, बीमा योजनाओं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक के क्षेत्र प्रमुख (पश्चिमी क्षेत्र) विनय शंकर, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, आरएलपी से रितेश, आरसेटी निदेशक संजय सिंह, एमएलपी हेड कमल और विजिलेंस हेड रितेश मौजूद रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जन धन योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जैसी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
अधिकारियों ने कहा कि वित्तीय समावेशन से ग्रामीण और वंचित वर्ग में वित्तीय साक्षरता बढ़ेगी और लोग बचत व बीमा के प्रति जागरूक होंगे।
