‘कैच-अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान के दूसरे दिन भी चला सघन निरीक्षण

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
भदौरा-रेवतीपुर के 11 प्राइमरी स्कूलों की परखी गुणवत्ता, कमियों पर होगी कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए चलाए जा रहे ‘कैच-अप कराओ, निपुण बनाओ’ अभियान के तहत दूसरे दिन भी प्राथमिक विद्यालयों का सघन निरीक्षण अभियान जारी रहा।
विकासखंड भदौरा एवं रेवतीपुर स्थित कुल 11 प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण एसडीएम प्रशिक्षु श्रीमती सुषमा यादव के नेतृत्व में NIPUN Cell के सदस्यों द्वारा किया गया। निरीक्षण टीम ने सुबह से ही स्कूलों में पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लेना शुरू कर दिया था।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति और उनकी बुनियादी भाषा – हिंदी में पढ़ने-लिखने की क्षमता, गणितीय कौशल – जोड़, घटाव, गुणा-भाग का बुनियादी ज्ञान, कक्षाओं में शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे पठन-पाठन की गुणवत्ता और टीचिंग मेथड, विद्यालय में शौचालय, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं के साथ साथ निपुण लक्ष्य तालिका, शिक्षण सामग्री और बच्चों के वर्कबुक की स्थिति।
टीम ने कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों से किताब पढ़वाई और छोटे-छोटे सवाल पूछकर उनके अधिगम स्तर का आकलन किया। कई स्कूलों में बच्चे लक्ष्य के अनुरूप पाए गए, जबकि कुछ स्कूलों में अभी भी बच्चों का स्तर अपेक्षा से कम मिला।
वही एसडीएम प्रशिक्षु ने संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान में निपुण बनाना ही निपुण भारत मिशन का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए शिक्षकों को अतिरिक्त मेहनत, रेमेडियल क्लास और अभिभावकों से संवाद बढ़ाना होगा।
जिला सूचना कार्यालय ने बताया कि जिन विद्यालयों में शिक्षण कार्य में लापरवाही, अनुपस्थिति या व्यवस्था में गंभीर कमी मिली है, वहां रिपोर्ट तैयार कर बीएसए को भेजी जा रही है। कमी की प्रकृति और उत्तरदायित्व के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग का कहना है कि यह अभियान केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके बाद लगातार फॉलो-अप कर बच्चों की प्रगति को ट्रैक किया जाएगा, ताकि गाजीपुर जिले के सभी प्राथमिक विद्यालय निर्धारित निपुण लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।