पचास लाख से ऊपर की परियोजनाओं को लेकर जिलाधिकारी ने किया समीक्षा बैठक, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का दिया निर्देश

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी कार्यदायी संस्थाओं के एक्सईएन और प्रतिनिधियों से एक-एक कर परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं का कार्य समय से और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए।
जिलाधिकारी ने फूड हाउसिंग योजना के टेंडर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मनिहारी, जिला कारागार, कंपोजिट विद्यालय, जल जीवन मिशन ग्रामीण के तहत पेयजल कनेक्शन, सड़क निर्माण/मरम्मत, नगर पंचायत सैदपुर में पेयजल पुनर्गठन योजना, सेतु निर्माण निगम के ब्रिज निर्माण कार्य और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित अन्य परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने गो संरक्षण केंद्र मरदह में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए एक्सईएन विद्युत को निर्देशित किया, वहीं सभी अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति कार्यों का सत्यापन करने को कहा।
बैठक में संबंधित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
