मिशन शक्ति फेज-6 का आगाज, बाजारों में पुलिस ने की पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने कसा शिकंजा

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति फेज-6” के तहत शुक्रवार को जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों के आसपास पैदल गश्त की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा और सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों – 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112, 181 और 1076 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वहीं दूसरी ओर अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने मनचलों और शोहदों को चेतावनी दी और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही भी की।
इस दौरान महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध होने पर निडर होकर पुलिस को सूचना दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
