पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिये सख्त निर्देश

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंक और विद्युत विभाग में लंबित पड़े सभी आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सभी आवेदनों का निस्तारण करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाये।
यूपीनेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी ने बताया कि सितम्बर 2026 से जनपद गाजीपुर के लिए योजना के मासिक लक्ष्य में 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान PHD Chamber of Commerce and Industry के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित Uttar Pradesh Energy Expo (UPEX-2026) Varanasi Edition के प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रतिनिधियों द्वारा योजना की भावी रणनीति पर एक लघु डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जिले के समस्त पंजीकृत वेंडर्स मौजूद रहे।
