यूनियन बैंक ने निकाली सतर्कता जागरूकता मैराथन, ‘Probity for Prosperity’ का दिया संदेश

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। Vigilance Awareness Week-2026 के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर वेस्ट रीजन द्वारा बुधवार को सतर्कता जागरूकता मैराथन ‘Vigithon’ का आयोजन किया गया।
मैराथन को क्षेत्रीय कार्यालय महुआबाग से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो RSETI, पीरनगर तक गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया। मैराथन में क्षेत्र प्रमुख विनय शंकर, आरएएच राकेश रंजन, एलडीएम राजदेव कुमार, सतर्कता अधिकारी रितेश कुमार सहित क्षेत्रीय कार्यालय के सभी स्टाफ और जिले की सभी शाखाओं के शाखा प्रमुखों ने भाग लिया। मैराथन में सौ से अधिक लोगों ने उत्साह के साथ दौड़ लगाई।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए हर व्यक्ति को ईमानदारी को अपने जीवन में उतारना होगा। सतर्कता अधिकारी रितेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “Probity for Prosperity” पर जोर देते हुए कहा कि समृद्धि का आधार सत्यनिष्ठा ही है।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने कार्य और जीवन में ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
