गाजीपुर में वाराणसी खण्ड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन की तैयारी तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर, 06 अक्टूबर 2026 – वाराणसी खण्ड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को रायफल क्लब में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मतदान कार्मिकों की तैनाती के लिए उपजिलाधिकारी और खण्ड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और बूथ निर्माण की व्यवस्था के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, उपजिलाधिकारी और बीडीओ को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 को ध्यान में रखते हुए भी सभी बूथों पर शत-प्रतिशत मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने को कहा। बैठक में जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और निर्वाचन से जुड़े समस्त प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
