शासन की प्राथमिकताओं की परख, तीन आकांक्षात्मक ब्लॉकों का दो दिवसीय निरीक्षण शुरू

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। जनपद के आकांक्षात्मक विकास खण्डों में विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए शासन ने कमर कस ली है। लखनऊ से आए तीन विशेष सचिवों की टीम 05 और 06 अक्टूबर को जनपद के तीन आकांक्षात्मक ब्लॉक – रेवतीपुर, देवकली और मरदह का सघन भ्रमण कर रही है।
शासन द्वारा राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। रेवतीपुर के लिए विशेष सचिव, बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग राज कमल यादव, देवकली के लिए आयुक्त अतिरिक्त भूमि सुधार, राजस्व परिषद रमेश रंजन और मरदह के लिए विशेष सचिव कृषि विभाग संजीव रंजन को नामित किया गया है। इनके सहयोग के लिए जिला स्तर पर उपायुक्त श्रम रोजगार, पीडी डीआरडीए और जिला कृषि अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी विभागीय प्रगति रिपोर्ट, अभिलेखों और आंकड़ों के साथ मौके पर मौजूद रहें।
सोमवार को पहले दिन विशेष सचिवों ने ब्लॉक कार्यालय, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 50-बिंदु कार्यक्रम के तहत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति और गुणवत्ता की समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
