डूबते युवकों का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, गोताखोर व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश….

गाजीपुर।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पोस्ता घाट स्थित गंगा तट पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में गंगा में उतरे तीन अन्य युवकों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने साहसिक प्रयास कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।
जानकारी के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के पालिया गांव की एक वृद्ध महिला का निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव के कई लोग गाजीपुर के श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद लगभग दोपहर 2:30 बजे चार युवक गंगा स्नान के लिए पोस्ता घाट पहुंचे। इसी दौरान 15 वर्षीय पीयूष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
पीयूष को बचाने के लिए प्रियांशु, रिशु और दुर्गा प्रसाद गंगा में कूद पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डूबते समय पीयूष ने प्रियांशु को पकड़ लिया, जिससे उसकी भी जान खतरे में पड़ गई। प्रियांशु ने किसी तरह स्वयं को छुड़ाया, लेकिन तब तक पीयूष गंगा की तेज धारा में समा गया। वहीं, डूब रहे अन्य तीन युवकों को स्थानीय लोगों और नाविकों ने बांस के सहारे बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली।
इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कई युवक गंगा की धारा में बहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक उन्हें बचाने के लिए तैरकर उनकी ओर जाता हुआ भी नजर आ रहा है। यह वीडियो हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर गोताखोरों की व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाता तो संभवतः किशोर की जान बचाई जा सकती थी। इसे लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन द्वारा किशोर की तलाश एवं अन्य विधिक प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।